एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, बहेड़ी से झूलाघाट तक फैली ड्रग सप्लाई चेन ध्वस्त छह नशा तस्कर गिरफ्तार, अल्मोड़ा-नैनीताल-पिथौरागढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, बहेड़ी से झूलाघाट तक फैली ड्रग सप्लाई चेन ध्वस्त
छह नशा तस्कर गिरफ्तार, अल्मोड़ा-नैनीताल-पिथौरागढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा
सौरभ गंगवार टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान को धरातल पर उतारते हुए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने बहेड़ी से लेकर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ के झूलाघाट तक फैले नशा सप्लाई नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पूरे नेटवर्क का खुलासा 30 सितंबर को पुलभट्टा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बहेड़ी निवासी सद्दाम हुसैन से पूछताछ के बाद हुआ। पुलिस ने उसके कब्जे से 150 प्रतिबंधित बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3500 रुपये बरामद किए थे। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में मिली व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल से पहाड़ के विभिन्न जिलों में सक्रिय नशा सप्लायरों के संपर्क सामने आए।
एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीमों को सक्रिय किया। ऊधमसिंह नगर पुलिस की टीमों ने अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में दबिश देकर अक्षय, सौरभ, पीयूष, भूपेंद्र सिंह मेहता, यशोदा टम्टा और रवि थापा को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन खरीदकर अल्मोड़ा, हल्द्वानी, पिथौरागढ़ और झूलाघाट क्षेत्र में सप्लाई करने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं। जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप कॉल और चैट के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। बहेड़ी से नशीला माल पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग स्तर पर सप्लाई चैन बनाई गई थी। पुलिस की कार्रवाई ने इस नेटवर्क की कई कड़ियों को एक साथ तोड़ दिया है।
पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। ऊधमसिंह नगर पुलिस का साफ संदेश है कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।।
