16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना की स्वगणना, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान पोर्टल पर ऑनलाइन भर सकेंगे फॉर्म, पूछे जाएंगे 40 सवाल; सफल पंजीकरण पर मिलेगी 11 अंकों की विशिष्ट SE ID
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
हल्द्वानी। जनगणना की स्वगणना प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी स्वगणना कर सकेंगे। स्वगणना के दौरान नागरिकों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने स्वगणना कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया को सरल और सहज बनाया गया है, ताकि प्रत्येक नागरिक बिना किसी परेशानी के स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वगणना करने से पहले पोर्टल के प्रारंभिक पृष्ठ पर उपलब्ध प्रश्नावली को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और जरूरी जानकारियां पहले से तैयार रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉर्म भरने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और जानकारियों के संबंध में आमजन को पहले से जागरूक किया जाए।
सीडीओ ने बताया कि जनपद में न्यूनतम 15 हजार लोगों की स्वगणना कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, होमगार्ड्स और पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों और विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रत्येक प्रशिक्षित कार्मिक कम से कम 10 अन्य लोगों को स्वगणना के लिए प्रशिक्षित करे, जिससे अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जा सके।
स्वगणना फॉर्म भरने के दौरान भाषा का चयन सोच-समझकर करना होगा। एक बार भाषा का सफलतापूर्वक चयन करने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। वहीं, फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद पी (P) अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना आईडी (SE ID) प्राप्त होगी सीडीओ ने अधिकारियों को नियमित रूप से अभियान की प्रगति की समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश आर्य और अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कमल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।

