Saturday, November 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर की गुड़ मंडी में जल संस्थान की लापरवाही, सड़क पर बना बड़ा गड्ढा, घरों में पहुंच रहा दूषित पानी पाइपलाइन लीकेज से व्यापारियों की दुकानों तक फैल रही गंदगी, राहगीरों और महिलाओं की सुरक्षा पर भी मंडरा रहा खतरा; जिम्मेदार विभाग मौन

रुद्रपुर की गुड़ मंडी में जल संस्थान की लापरवाही, सड़क पर बना बड़ा गड्ढा, घरों में पहुंच रहा दूषित पानी

पाइपलाइन लीकेज से व्यापारियों की दुकानों तक फैल रही गंदगी, राहगीरों और महिलाओं की सुरक्षा पर भी मंडरा रहा खतरा; जिम्मेदार विभाग मौनसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार स्थित गुड़ मंडी में जल संस्थान विभाग की लापरवाही लोगों और व्यापारियों के लिए मुसीबत बन गई है। यहां पानी की पाइपलाइन लंबे समय से लीक होने के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है। इतना ही नहीं, पाइपलाइन में लीकेज के चलते घरों में दूषित पानी पहुंचने की शिकायत भी सामने आ रही है। इससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।

गुड़ मंडी शहर का व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क किनारे सब्जी और फल की ठेलियां लगती हैं, जहां खरीदारी के लिए महिलाओं, युवतियों और बच्चों की भी भारी आवाजाही रहती है। सड़क पर बना गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। वहीं पाइपलाइन से बहकर निकल रहा गंदा पानी आसपास की दुकानों तक पहुंच रहा है, जिससे व्यापारियों को गंदगी और दुर्गंध के बीच कारोबार करना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों और लोगों की परेशानी यह है कि एक तरफ सड़क पर जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई है, तो दूसरी तरफ घरों में स्वच्छ पेयजल मिलने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि दूषित पानी की आपूर्ति इसी तरह जारी रही तो संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के मुख्य बाजार जैसे व्यस्त इलाके में पाइपलाइन लीकेज और सड़क पर बने गड्ढे की समस्या पर जल संस्थान विभाग की नजर क्यों नहीं पड़ रही है? क्या विभाग किसी बड़े हादसे या लोगों के बीमार होने का इंतजार कर रहा है?

व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने जल संस्थान विभाग से तत्काल पाइपलाइन लीकेज ठीक कराने, दूषित पानी की आपूर्ति की जांच कराने, सड़क के गड्ढे को भरवाने और पूरे क्षेत्र की सफाई कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग इस गंभीर जनसमस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button