Friday, November 13, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

जिला पंचायत की हाईटेक बैठक में विकास का रोडमैप तैयार, कूड़ा प्रबंधन से लेकर सड़क-पेयजल तक कई प्रस्तावों को मंजूरी 35 जिला पंचायत सदस्यों की शत-प्रतिशत मौजूदगी, ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रंचिंग ग्राउंड, डॉग कैचर वाहन और गौवंश उठाने वाले वाहन खरीदने की तैयारी

जिला पंचायत की हाईटेक बैठक में विकास का रोडमैप तैयार, कूड़ा प्रबंधन से लेकर सड़क-पेयजल तक कई प्रस्तावों को मंजूरी
35 जिला पंचायत सदस्यों की शत-प्रतिशत मौजूदगी, ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रंचिंग ग्राउंड, डॉग कैचर वाहन और गौवंश उठाने वाले वाहन खरीदने की तैयारी

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर। जिला पंचायत ऊधम सिंह नगर की सामान्य बोर्ड बैठक में शुक्रवार को ग्रामीण विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, शिक्षा और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने, आधुनिक मशीनें खरीदने, आवारा कुत्तों और निराश्रित गोवंश की समस्या से निपटने तथा जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए व्यावसायिक परिसंपत्तियां विकसित करने जैसे प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इससे पहले अध्यक्ष अजय मौर्य ने जिला पंचायत कार्यालय में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक सभागार का विधिवत शुभारंभ किया।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत उच्चतम न्यायालय के आदेशों के क्रम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 लागू करने पर चर्चा हुई। इसके तहत सितारगंज के ग्राम तिर्कातिसौर और काशीपुर के ग्राम ढकियाकला में जिला पंचायत की कृषि भूमि पर गीले कूड़े के निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। इन केंद्रों के लिए दो ट्रोमल मशीनें खरीदने के साथ सभी विकासखंडों के कॉम्पैक्टर स्थलों पर सात वजन मशीनें लगाने, टिन शेड, पक्का फर्श और चारदीवारी निर्माण की योजना भी रखी गई। ग्राम पंचायतों के व्यापारियों और प्रतिष्ठानों से कूड़ा निस्तारण के लिए अलग से यूजर चार्ज वसूलने संबंधी उपविधियों पर भी चर्चा की गई।आवारा कुत्तों और निराश्रित गोवंश के लिए खरीदे जाएंगे वाहन
ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों और निराश्रित गोवंश की समस्या से निपटने के लिए डॉग कैचर वाहन और एनिमल लिफ्टिंग वाहन खरीदने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नानकमत्ता स्थित खोड़ भूमि पर नई दुकानों का निर्माण तथा किच्छा में पुराने अस्पताल की भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और पार्किंग विकसित करने पर विचार किया गया। बैठक में सीएम हेल्पलाइन-1905 पर प्राप्त ग्रामीण निर्माण कार्यों की मांगों तथा 15वें और 16वें वित्त आयोग की विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई।

राशन कार्ड, स्कूलों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था के मुद्दे उठे
बैठक के दूसरे सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सदस्यों ने अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम हटाने और पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाने का मुद्दा उठाया। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों में पात्र लाभार्थियों का चयन करने और पूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी इन बैठकों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मरम्मत, चारदीवारी और सुरक्षा दीवारों के निर्माण की मांग उठाई गई। सीडीओ ने बताया कि जिले में जिला योजना, आपदा और सीएसआर मद से करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। इससे सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी।विद्युत विभाग की समीक्षा में झूलते बिजली के तारों और टेढ़े बिजली के पोल बदलने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने यह भी मांग की कि लंबे समय से बिजली बिल बकाया होने पर उपभोक्ताओं को कनेक्शन काटने से पहले नोटिस दिया जाए सीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से विद्युत पोल लगाने के प्रस्ताव उपलब्ध कराने और अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पेयजल लीकेज और बदहाल सड़कों पर भी अधिकारियों को निर्देश
जल संस्थान और जल निगम की समीक्षा के दौरान पेयजल लाइनों में लीकेज रोकने तथा खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग उठाई गई सीडीओ ने सदस्यों से लीकेज वाली पेयजल लाइनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि शीघ्र मरम्मत कराई जा सके।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में पैहनिया से कुमराहा, दियूरी और कुठरा तथा बलखेड़ा-खमरिया सहित विभिन्न मार्गों को गड्ढामुक्त कराने का मुद्दा उठाया गया इसके अलावा कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य और वन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

35 जिला पंचायत सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही खास बात
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई बैठक की विशेष बात यह रही कि जसपुर से खटीमा तक के सभी 35 जिला पंचायत सदस्यों ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और विकास से जुड़े प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे। पूर्व में सामने आई समस्याओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सदन में रखे गए प्रस्तावों को बोर्ड की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि स्वीकृत कार्यों को जल्द टेंडर प्रक्रिया में लाकर धरातल पर उतारने की कार्रवाई शुरू की जाएगी इससे जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी बैठक में सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई आनंद सिंह नेगी, भरत सिंह डांगी, सुशील कुमार, बीएस रौतेला, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button