बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए उधम सिंह नगर में ‘सांस अभियान’ शुरू 28 फरवरी 2027 तक चलेगा विशेष अभियान, आशाओं के माध्यम से घर-घर पहुंचाया जाएगा जागरूकता का संदेश
बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए उधम सिंह नगर में ‘सांस अभियान’ शुरू
28 फरवरी 2027 तक चलेगा विशेष अभियान, आशाओं के माध्यम से घर-घर पहुंचाया जाएगा जागरूकता का संदेश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और अभिभावकों को इसके लक्षणों, बचाव एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद उधम सिंह नगर में सांस (SAANS) अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी के निर्देशन में 12 नवंबर 2026 से शुरू हुआ यह विशेष जनजागरूकता अभियान 28 फरवरी 2027 तक जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों में संचालित किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ पर सीएमओ कार्यालय में आशा कार्यकत्रियों की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी ने निमोनिया के लक्षणों, रोकथाम और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निमोनिया बच्चों में होने वाला गंभीर श्वसन संक्रमण है। समय रहते इसकी पहचान और उपचार न होने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों में तेज सांस चलना, सांस लेने में परेशानी, छाती का अंदर धंसना, खांसी और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सतर्क हो जाएं। ऐसी स्थिति में घरेलू उपचार या लापरवाही के बजाय बच्चे को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार दिलाएं।
सीएमओ ने बताया कि बच्चों का नियमित टीकाकरण, जन्म के बाद छह माह तक केवल स्तनपान, संतुलित एवं उचित पोषण, स्वच्छता और घरों में धुएं तथा वायु प्रदूषण से बचाव निमोनिया की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकत्रियों से अभियान के संदेश को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु मस्यूनी, चांद मियां, निधि सहित रुद्रपुर क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।।

