दिवाली के स्वागत में रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया रुद्रपुर – मुख्य मार्गों और चौराहों पर नगर निगम ने लगाई आकर्षक झालरें, महापौर विकास शर्मा ने त्रिशूल चौक पर बटन दबाकर किया लाइटिंग का शुभारंभ
दिवाली के स्वागत में रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया रुद्रपुर
– मुख्य मार्गों और चौराहों पर नगर निगम ने लगाई आकर्षक झालरें, महापौर विकास शर्मा ने त्रिशूल चौक पर बटन दबाकर किया लाइटिंग का शुभारंभ
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। दीपावली के पावन पर्व के स्वागत में रुद्रपुर शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने लगा है। त्योहार की खुशियों और उल्लास को और खास बनाने के लिए नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया है। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर की गई इस विशेष सजावट का शुभारंभ रविवार को महापौर ने त्रिशूल चौक पर बटन दबाकर किया।
दीपावली को लेकर इस बार नगर निगम ने शहर की सुंदरता और उत्सवी माहौल को ध्यान में रखते हुए विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की है। इसके तहत नैनीताल हाईवे और काशीपुर मार्ग को आकर्षक झालरों से सजाया गया है। त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक और त्रिशूल चौक से गाबा चौक तक विद्युत झालरें लगाई गई हैं। शाम होते ही इन मार्गों पर जगमगाती रोशनी शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रही है। इस पहल का उद्देश्य न केवल दीपावली के उत्सव को यादगार बनाना है, बल्कि शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को भी त्योहार का खुशनुमा एहसास कराना है।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि दीपावली खुशियों, उत्साह और आपसी सद्भाव का पर्व है। यह हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। त्योहारों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और उल्लास का संचार होता है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के सभी प्रमुख त्योहारों को बेहतर व्यवस्थाओं और आकर्षक आयोजन के साथ यादगार बनाया जाए। इसी क्रम में इस बार भी दीपावली पर शहर को सजाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
महापौर ने कहा कि फिलहाल शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक विद्युत झालरें लगाई गई हैं। आने वाले दिनों में मुख्य बाजार को भी इसी तरह रोशनी से सजाया जाएगा, ताकि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को उत्सव जैसा माहौल मिले और व्यापारी भी त्योहार के दौरान बेहतर वातावरण में अपना कारोबार कर सकें।
उन्होंने बताया कि गत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी स्थानीय और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वदेशी मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला 3 नवंबर से गांधी पार्क में शुरू होगा। मेले में लघु एवं स्थानीय व्यापारियों को अपने उत्पादों की बिक्री और कारोबार करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही लोगों को स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। महापौर ने शहरवासियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करने की अपील की।
महापौर ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और सजावट का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने, एक-दूसरे के जीवन में उजाला लाने और स्थानीय व्यापार एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करने का भी अवसर है। नगर निगम शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस दौरान पार्षद पवन राना, गौरव जुयाल, प्रवीण यादव, हमजा, संदीप, राजन राठौड़, पवन गाबा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।।

