Saturday, October 31, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

टाइटन ने 306 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रदान की छात्रवृत्ति, बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। शिक्षा और बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में टाटा समूह की कंपनी टाइटन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 306 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति प्रदान की। शनिवार को रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने का अवसर उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह मिश्रा और खंड शिक्षा अधिकारी स.वेद आलम मौजूद रहे। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए टाइटन कंपनी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

टाइटन के वरिष्ठ प्रबंधन की ओर से हेड सीएसआर जे.जे. डोमिनिक, हेड एडमिनिस्ट्रेशन स्क्वाड्रन लीडर रश्मि देवकुमार, ज्वेलरी डिवीजन के फैक्ट्री मैनेजर Maarajan M तथा टाइटन वॉचेज के फैक्ट्री मैनेजर राजीव राजपूत उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के साथ अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कंपनी के अनुसार, छात्रवृत्ति के लिए चयन प्रक्रिया तीन से चार माह तक चलती है। इसमें आवेदन, आवेदनों की जांच, व्यक्तिगत साक्षात्कार और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन शामिल है। पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि छात्रवृत्ति का लाभ वास्तविक रूप से पात्र एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचे।

इस पहल के संचालन में सहयोगी संस्थाएं NGO AASARA और द हंस फाउंडेशन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में AASARA के सीईओ अमित बदोनी और द हंस फाउंडेशन की हेड-एजुकेशन सोनल भी मौजूद रहीं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button