Saturday, October 31, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार, 61 पासपोर्ट और अवैध पिस्टल बरामद; राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिसकर्मियों का सम्मान, दो कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने शनिवार को तीन अलग-अलग कार्यक्रमों और कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों के खिलाफ सख्ती, पुलिस बल के सम्मान और अनुशासन का संदेश दिया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 61 पासपोर्ट और अवैध पिस्टल बरामद की गई। वहीं राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन में भव्य परेड आयोजित कर आठ पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अधिवर्षता एवं ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वाले दो पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

दुबई में नौकरी का झांसा देकर दो लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने अलीम खान निवासी प्रीत विहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 21 निवासी मुजाहिद ने 29 अक्टूबर को कोतवाली रुद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने आवास विकास स्थित अपने कार्यालय ‘जेड ग्लोबल’ के माध्यम से उसे दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।पीड़ित का आरोप है कि उसने अपनी मोटरसाइकिल और जेवर बेचकर आरोपी को दो लाख रुपये दिए। इसके बाद उसे वर्क परमिट के बजाय विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया गया। आरोप है कि वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा दिखाया गया। दुबई पहुंचने पर वास्तविकता सामने आने के बाद पीड़ित को परेशानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा।

भारत लौटने के बाद रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर केवल 30 हजार रुपये लौटाए और शेष 1.70 लाख रुपये देने से इनकार कर दिया। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया उसके कार्यालय और कब्जे से 61 पासपोर्ट, एक डायरी तथा .32 बोर का अवैध पिस्टल बरामद किया गया। मामले में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट और धारा 10/24 इमिग्रेशन एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा आरोपी की होंडा एक्टिवा स्कूटी को भी सीज किया गया है। पुलिस बरामद पासपोर्ट और डायरी की जांच कर रही है, ताकि अन्य संभावित पीड़ितों और विदेश भेजने के नाम पर किए गए लेनदेन की जानकारी जुटाई जा सके।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन में भव्य परेड, आठ पुलिसकर्मी सम्मानित
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में पुलिस महानिरीक्षक ट्रैफिक उत्तराखंड कृष्ण कुमार वीके की उपस्थिति में भव्य परेड का आयोजन किया गया। आईजी ने परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस जवानों ने अनुशासन, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाओं और सराहनीय कार्यों के लिए आठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अग्निशमन अधिकारी चंदनराम, एसओजी रुद्रपुर के आरक्षी राजेन्द्र कुमार कश्यप, नानकमत्ता थाने के आरक्षी प्रवीण कुमार गोस्वामी, काशीपुर थाने के उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र सिंह, साइबर सेल की उपनिरीक्षक रीता देवी, पुलिस लाइन के अपर उपनिरीक्षक अम्बादत्त काण्डपाल, ट्रांजिट कैंप के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी और किच्छा के प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी शामिल रहे।

परेड के बाद आईजी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही पुलिस बल को अनुशासित, सतर्क और मुस्तैद रहकर कर्तव्यों का निर्वहन करने की नसीहत दी।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति, एसपी सिटी रुद्रपुर, एसपी काशीपुर, क्षेत्राधिकारी और जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत जनपद के सभी थानों और कार्यालयों में पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

दो पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई, सेवाकाल के योगदान को किया याद
इधर, पुलिस लाइन रुद्रपुर में अधिवर्षता और ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वाले दो पुलिसकर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर प्रमोद कुमार ने सेवानिवृत्त अपर उपनिरीक्षक गणेश सिंह और मुख्य आरक्षी जगदीश सिंह को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया
एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के लंबे सेवाकाल के दौरान दिए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा समाज, कानून और राष्ट्र के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण दायित्व है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उनके अनुभव और सेवाएं विभाग की अमूल्य धरोहर हैं।

समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और विभाग एवं वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार जताया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना की। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक गजेन्द्र परवाल सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
तीनों आयोजनों के जरिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने एक ओर अपराध और धोखाधड़ी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर पुलिस बल के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने और सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद रखने की परंपरा को भी आगे बढ़ाया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button