जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी विकास गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोचा एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी विकास गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोचा
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में युवक की हत्या के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया। इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार कर चुकी थी। मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसी विवाद ने बाद में जिला अस्पताल परिसर में फिर तूल पकड़ लिया। यहां दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना के संबंध में मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा संख्या 231/2026 दर्ज किया गया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 118(1), 190, 191(1) और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुईं पुलिस टीमें
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के निर्देश दिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार शामिल हैं। तीनों जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।
