Saturday, November 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

हत्याकांड: जनआक्रोश के बाद आरोपियों के मकानों पर चला बुलडोजर महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में प्रशासन की कार्रवाई, पांच मकानों पर नोटिस चस्पा, तीन में अवैध निर्माण के हिस्से ध्वस्त 15 दिन में विस्तृत जांच पूरी कर अवैध निर्माणों पर कार्रवाई का ऐलान, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा

हत्याकांड: जनआक्रोश के बाद आरोपियों के मकानों पर चला बुलडोजर

महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में प्रशासन की कार्रवाई, पांच मकानों पर नोटिस चस्पा, तीन में अवैध निर्माण के हिस्से ध्वस्त

15 दिन में विस्तृत जांच पूरी कर अवैध निर्माणों पर कार्रवाई का ऐलान, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसासौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। जगतपुरा के युवा व्यापारी नितेश कुमार की निर्मम हत्या के बाद भड़के जनआक्रोश के बीच शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य हत्यारोपी से जुड़े मकानों पर बुलडोजर चलाया। महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में नगर निगम एवं प्रशासन की टीम ने पांच मकानों पर नोटिस चस्पा किए, जबकि प्रारंभिक जांच में तीन मकानों में अवैध पाए गए निर्माण के हिस्सों को जेसीबी से ध्वस्त कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद आक्रोशित परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।

दरअसल, शुक्रवार को जिला अस्पताल में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद जगतपुरा निवासी युवा व्यापारी नितेश कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब नितेश का शव घर पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव घर के बाहर रखकर धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मुख्य हत्यारोपी के अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए। कई घंटे तक चले धरने के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर विकास शर्मा नगर निगम की टीम और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे वहीं विधायक शिव अरोरा भी एसडीएम रुद्रपुर और एसपी सिटी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की।

महापौर के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने मुख्य हत्यारोपी से जुड़े पांच मकानों पर नोटिस चस्पा किए। प्रारंभिक जांच में तीन मकानों में अवैध पाए गए हिस्सों को जेसीबी से हटाया गया इस दौरान मकानों के बाहर निकले छज्जे, स्लैब और टीन शेड हटाए गए। शेष निर्माणों की वैधता की जांच के लिए नगर निगम ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि एसएनए रणदीप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई है, जो संबंधित मकानों के नक्शों और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की विस्तृत जांच करेगी मकान स्वामियों को 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में वैध नक्शे और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार का दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और 15 दिन बाद जांच के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने बताया कि घटना की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी दी गई है। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है। परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा उन्होंने कहा कि नितेश की हत्या से परिवार को हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन परिवार को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

वहीं विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनकी इस मामले में वार्ता हुई है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल एक-एक आरोपी को कानून के दायरे में लाकर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा देवभूमि में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी अपराधी को राजनीतिक संरक्षण के आधार पर बचने नहीं दिया जाएगा।

महापौर और विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन के स्तर पर भी हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि ऐसी संवेदनशील घटना पर राजनीति करने के बजाय सभी को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए।

कार्रवाई से संतुष्ट हुआ परिवार, अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए परिजन

नगर निगम की कार्रवाई शुरू होने और जनप्रतिनिधियों से वार्ता के बाद परिजनों का आक्रोश शांत हुआ। मृतक के भाई ने मीडिया के सामने नगर निगम की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि परिवार को 15 दिन का समय दिया गया है और उन्हें उम्मीद है कि निर्धारित अवधि के बाद अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई पूरी की जाएगी। उन्होंने हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की भी मांग की। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।

इस दौरान पार्षद कुसुम शर्मा, राधेश शर्मा, निमित शर्मा, मनोज मदान, तरुण दत्ता, धीरेन्द्र मिश्रा, सुनील सिंह, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button