जिला अस्पताल हत्याकांड में SSP अजय गणपति का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार
जिला अस्पताल हत्याकांड में SSP अजय गणपति का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी विकास कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद; पांच विशेष टीमों ने लगातार दबिश देकर आरोपियों को दबोचा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे बाद बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। बरेली से रुद्रपुर लाते समय पुलभट्टा क्षेत्र में यश पेट्रोल पंप के पास आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर गठित पांच विशेष पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला-ए-कत्ल भी बरामद कर लिया है।
सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोबारा मारपीट और हमला हुआ इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई घटना में दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे।
मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 231/2026 दर्ज किया गया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पांच विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया टीमों ने घटनास्थल को सुरक्षित कर RFSL और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया वहीं मुख्य आरोपी विकास कुमार को बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार से पकड़ा गया पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर लाते समय पुलभट्टा क्षेत्र में आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
सिडकुल क्षेत्र से दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रही। 14 नवंबर की देर शाम चौकी प्रभारी सिडकुल उपनिरीक्षक हेमंत सिंह कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसओजी ने लुमिनस फैक्ट्री के पास निर्माणाधीन देवभूमि कॉलोनी के पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
आकाश कुमार (31 वर्ष), पुत्र विनोद कुमार।
विकास कुमार (33 वर्ष), पुत्र विनोद कुमार।
विनोद कुमार (53 वर्ष), पुत्र स्व. रामावतार।
अमन कुमार, पुत्र विनोद कुमार।
भोला उर्फ देव मंडल (23 वर्ष), पुत्र विपुल मंडल।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी जगतपुरा क्षेत्र के निवासी हैं।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
14 नवंबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला-ए-कत्ल बरामद किया इसके साथ ही घटना से संबंधित टी-शर्ट भी बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की विवेचना कर रही है।
तीन आरोपी जेल भेजे, दो की न्यायालय में पेशी की कार्रवाई
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार पांच आरोपियों में से तीन का 14 दिन का न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष दो आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की निष्पक्ष और गहन विवेचना जारी है।।
