ऊधम सिंह नगर

गड्ढों से मुक्ति के लिए खुद सड़कों पर उतरे डीएम, बाजपुर में मौके पर परखी व्यवस्था

गड्ढों से मुक्ति के लिए खुद सड़कों पर उतरे डीएम, बाजपुर में मौके पर परखी व्यवस्था

मुख्यमंत्री के निर्देशों को धरातल पर उतारने में जुटा जिला प्रशासन, डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को दिए सड़कों को प्राथमिकता से गड्ढामुक्त करने के निर्देशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

बाजपुर। आमजन को बेहतर और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान को गति दे दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शनिवार को बाजपुर क्षेत्र का भ्रमण कर सड़कों पर चल रहे गड्ढामुक्त कार्य का मौके पर जायजा लिया। जिलाधिकारी के सड़क पर पहुंचकर कार्य की स्थिति देखने से संबंधित विभाग के अधिकारियों में भी सक्रियता नजर आई।

जिलाधिकारी ने मौके पर सड़क की स्थिति का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कें आम जनता के आवागमन का प्रमुख माध्यम हैं और इनके रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र की सभी सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त कर आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराया जाना है। ऐसे में संबंधित विभागीय अधिकारी अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा कराना सुनिश्चित करें।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि सड़क मरम्मत एवं गड्ढामुक्त किए जाने के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। केवल गड्ढों को भरना ही उद्देश्य न हो, बल्कि कराया गया कार्य टिकाऊ और मानकों के अनुरूप हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बाजपुर क्षेत्र में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य लगातार प्रगति पर है। विभाग द्वारा चिह्नित स्थानों पर आवश्यक कार्य कराया जा रहा है तथा क्षेत्र में गड्ढामुक्त अभियान को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें सीधे तौर पर आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। खराब सड़कों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों को सक्रियता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अभियान की नियमित निगरानी करते हुए शेष कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के बाजपुर क्षेत्र के भ्रमण और मौके पर सड़कों की स्थिति का जायजा लेने से यह संदेश भी गया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े कार्यों की निगरानी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर भी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि गड्ढामुक्त अभियान के माध्यम से लोगों को बेहतर सड़क और सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।।

error: Content is protected !!
Call Now Button