ऊधम सिंह नगर

तीन शहर, तीन बड़े प्रोजेक्ट… सचिव ने मौके पर परखी विकास की रफ्तार

तीन शहर, तीन बड़े प्रोजेक्ट… सचिव ने मौके पर परखी विकास की रफ्तार
रुद्रपुर में स्टेडियम का रास्ता साफ करने के निर्देश, किच्छा बस अड्डे की गुणवत्ता पर जताया संतोष, सितारगंज पार्किंग कॉम्प्लेक्स को समय पर पूरा करने के आदेशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में शहरी विकास की तीन अहम परियोजनाओं की शनिवार को शासन स्तर से जमीनी पड़ताल हुई। आवास विभाग के सचिव आर. राजेश कुमार ने रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज पहुंचकर निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं निर्माण शुरू करने में देरी तो कहीं अधूरे फिनिशिंग कार्यों को लेकर अधिकारियों को समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत मोदी मैदान, एफसीआई गोदाम के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम से हुई। सचिव ने प्रस्तावित स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का स्थलीय परीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को पूर्व में दिए गए सुझावों और संशोधनों को शामिल करते हुए बिना अनावश्यक देरी के निर्माण कार्य धरातल पर शुरू करने के निर्देश दिए।12.48 करोड़ का बस अड्डा बना आकर्षण
इसके बाद सचिव किच्छा के खुरपिया फार्म पहुंचे, जहां 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक बस अड्डे का निरीक्षण किया। विकास प्राधिकरण द्वारा बस अड्डे का निर्माण पूरा कर इसे 15 अप्रैल 2026 को परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य और गुणवत्ता पर सचिव ने संतोष जताया बस अड्डे की लोकेशन को भी महत्वपूर्ण माना गया, क्योंकि यह निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट स्थित है।

सितारगंज में पार्किंग से बाजार को मिलेगी राहत
निरीक्षण का अंतिम पड़ाव सितारगंज का मुख्य बाजार रहा। यहां 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया गया। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग शामिल है।
सचिव ने निर्माण की भौतिक प्रगति पर संतोष जताते हुए पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक को शेष फिनिशिंग कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।तीनों परियोजनाओं पर शासन की सीधी नजर
निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज कुमार उपाध्याय, अधीक्षण अभियंता सिंचाई पी.के. दीक्षित, परियोजना प्रबंधक पेयजल निर्माण निगम नरेंद्र नवानी और सहायक अभियंता कैलाश डंगवाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे सचिव ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न हो और तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम, बस अड्डा और पार्किंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं जिले में नागरिक सुविधाओं और शहरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button