SSP अजय गणपति के सख्त निर्देशन में गदरपुर फायरिंग कांड का खुलासा मारपीट व फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
गदरपुर। थाना गदरपुर क्षेत्र के मसीत स्थित धर्मकांटे पर 25 सितंबर को हुई मारपीट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशन में थाना गदरपुर पुलिस एवं एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
घटना के संबंध में जुम्मा पुत्र मियांजान, निवासी वार्ड नंबर-11 गदरपुर की तहरीर पर थाना गदरपुर में एफआईआर संख्या 284/2026 दर्ज की गई थी। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर 1 अक्टूबर को पुलिस ने मामले में नामजद जुगराज सिंह उर्फ जग्गा (30) पुत्र केवल सिंह, निवासी मोहनपुर नंबर-1, थाना दिनेशपुर तथा आदेश ठाकुर (25) पुत्र राकेश ठाकुर, निवासी वार्ड नंबर-7, महावीर ट्रेडर्स वाली गली, थाना गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं।
जुगराज पर दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी जुगराज सिंह उर्फ जग्गा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कोतवाली गदरपुर, थाना दिनेशपुर, कोतवाली रुद्रपुर, कोतवाली सितारगंज, थाना पंतनगर तथा उत्तर प्रदेश के मोहम्मदी थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज रहे हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में व0उ0नि0 मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोहरा, उपनिरीक्षक सुनील सुतेड़ी (एसओजी काशीपुर), कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार, कांस्टेबल रवीन्द्र सिंह और कांस्टेबल दिनेश रावत शामिल।।

