गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश ऊधम सिंह नगर पुलिस ने दोनों महापुरुषों को किया नमन, एसएसपी अजय गणपति ने पुलिसकर्मियों को दिलाया सेवा और ईमानदारी का संकल्प
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर पुलिस लाइन रुद्रपुर, पुलिस कार्यालय सहित जनपद के सभी थानों एवं कोतवालियों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों के साथ रामधुन का गायन किया गया। रामधुन से पुलिस लाइन का वातावरण शांत, आध्यात्मिक और प्रेरणादायी नजर आया। इस दौरान एसएसपी अजय गणपति ने स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को सम्मान स्वरूप कंबल वितरित किए।
एसएसपी ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ पुलिस सेवा में भी आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का विशेष महत्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया जनपद के समस्त थाना एवं कोतवाली परिसरों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।।
