Saturday, October 3, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

दिव्य शक्ति मंदिर में गूंजा योग का संदेश, भारतीय योग संस्थान ने मनाया 60वां योग दिवस दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, साधक-साधिकाओं ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी स्थित दिव्य शक्ति मंदिर का मनोरम प्रांगण गुरुवार को योग, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। भारतीय योग संस्थान की जिला इकाई की ओर से यहां 60वें योग दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक चले कार्यक्रम में विभिन्न योग केंद्रों से पहुंचे साधक-साधिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मुख्य अधिशासी अभियंता श्री रमेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मातृशक्ति द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के दौरान योग के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए इसके नियमित अभ्यास को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान श्री रमेश चंद गंगवार के कुशल नेतृत्व में आयोजित समारोह में आवास विकास, मॉडल कॉलोनी, सिटी वन एवं एलायंस कॉलोनी के योग केंद्रों के केंद्र प्रमुखों, साधक-साधिकाओं तथा दोनों क्षेत्रीय प्रधानों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।इस अवसर पर श्री बी.एस. त्रिपाठी ने योग दिवस की महत्ता तथा योग के वास्तविक उद्देश्यों पर सारगर्भित प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और जीवनशैली में संतुलन स्थापित करने का माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। श्रीमती संगीता बांगा की ओर से स्वादिष्ट खीर तथा श्री दिग्विजय सिंह चौहान द्वारा अमृत पेय का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण कर साधक-साधिकाओं ने कार्यक्रम का समापन किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भारतीय योग संस्थान की जिला इकाई ने सभी अधिकारियों, केंद्र प्रमुखों और साधक-साधिकाओं का आभार व्यक्त किया। जिला मंत्री चौधरी महावीर सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button