शहीद राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में घरों पर जलाए जाएंगे दो दीप 2 अक्टूबर की शाम प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आह्वान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए संयुक्त उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने 2 अक्टूबर को प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार घड़ियाल ने राज्य आंदोलनकारियों एवं आमजन से अपील की है कि 2 अक्टूबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों के प्रवेश द्वार पर दो दीप जलाकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार घड़ियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की मांग, राज्य के विकास और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए 42 राज्य आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे में उनके बलिदान को याद करना और उन्हें श्रद्धांजलि देना प्रत्येक उत्तराखंडवासी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि घर-घर दो दीप जलाकर शहीद आंदोलनकारियों को नमन करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने एक नए उत्तराखंड और युवा पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष किया था। आज आवश्यकता है कि उनके बलिदान और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए तथा राज्य आंदोलन के इतिहास को सदैव स्मरण रखा जाए।
मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल पंत, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिंह, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी हीरा सिंह बिष्ट, मोहन शर्मा, श्रीमती कमला बिष्ट, जानकी नेगी, जानकी कांडपाल, पुष्पा जोशी, नंदी बिष्ट, जानकी पाठक, श्रीमती कांति जोशी, देवीलाल शर्मा उर्फ राजू शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, संजय सिंह बिष्ट, श्रीमती बिमला बिष्ट, धनेश्वरी सहित अन्य राज्य आंदोलनकारियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए घरों पर दो दीप जलाने का संकल्प लिया।
मोर्चा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि 2 अक्टूबर की शाम निर्धारित समय पर अपने घर के प्रवेश द्वार पर दो दीप जलाकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करें।

