Friday, October 2, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

गांधी-शास्त्री जयंती पर चम्पावत में श्रद्धापूर्वक नमन जिलाधिकारी मनीष कुमार ने माल्यार्पण कर दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान चम्पावत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जनपद चम्पावत में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया।

राष्ट्रगान के पश्चात जिलाधिकारी मनीष कुमार ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं अन्य लोगों ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। भजनों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, शांति, सद्भाव एवं मानवता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, सादगी, सत्यनिष्ठा और सेवा का अनुपम उदाहरण है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी तथा स्वच्छता, स्वावलंबन, ग्राम स्वराज और सामाजिक सद्भाव पर आधारित समाज की परिकल्पना की उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का सरल व्यक्तित्व, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ नेतृत्व आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका उद्घोष देश के जवानों और किसानों के प्रति सम्मान का सशक्त संदेश देता है। जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों को जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाया जाए। उन्होंने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने पर जोर दिया कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं स्कूली बच्चों ने राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button