Saturday, October 3, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

गांधी-शास्त्री जयंती पर डीएम ने दिलाया सत्य, अहिंसा और ईमानदारी का संदेश

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ की धुन से माहौल भावपूर्ण हो गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के विचारों एवं अपने आचरण से पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार सदैव प्रासंगिक और अनुकरणीय रहेंगे।डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सत्य के साथ चलते हुए अपने मन और वाणी को सकारात्मक रखना चाहिए। महात्मा गांधी ने सामाजिक कुरीतियों को समझते हुए उनके निराकरण के लिए धैर्यपूर्वक प्रयास किए और देश को एकजुट करने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। गांधी जी के विचारों के अनुरूप कथनी और करनी में एकरूपता लाना भी आवश्यक है।

लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि देश के समग्र विकास में युवा और किसान दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेल सहित सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।

कार्यक्रम में अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, ओसी हिमांशु कफलटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button