नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, फिर ब्लैकमेल कर ऐंठे लाखों काशीपुर पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी को दबोचा, एक लाख रुपये नकद और कार बरामद—अन्य आरोपियों की तलाश जारी
नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, फिर ब्लैकमेल कर ऐंठे लाखों
काशीपुर पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी को दबोचा, एक लाख रुपये नकद और कार बरामद—अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
काशीपुर। पहले नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई, फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। ब्लैकमेलिंग के इस सनसनीखेज मामले का काशीपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और कार बरामद हुई है। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मामला कुंडेश्वरी निवासी सर्वेश कुमार से जुड़ा है। पीड़ित ने 10 अगस्त को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये वसूले। आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आखिरकार 12 सितंबर को प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड से मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की गई।
ऐसे रची थी ब्लैकमेलिंग की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रकम वसूली गई।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र कुमार पुत्र स्व. सतनाम सिंह, निवासी बैराज कॉलोनी, शक्तिनगर, बिजनौर, उम्र 32 वर्ष, का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ काशीपुर और आईटीआई थाने में धोखाधड़ी एवं जाली नोटों से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और पीड़ित से कुल कितनी रकम वसूली गई। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम: उपनिरीक्षक मनोज धौनी, कांस्टेबल सुनील भाकुनी, कांस्टेबल बीरेन्द्र बिष्ट और राहुल।।

