Thursday, October 29, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, 738 चालान और 117 वाहन सीज

रुद्रपुर में दो दिन तक चला सघन चेकिंग अभियान, ओवरस्पीडिंग के 201 और बिना हेलमेट के 192 चालानसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और अमूल्य मानव जीवन की रक्षा के उद्देश्य से संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), हल्द्वानी के निर्देशन में 27 और 28 अक्टूबर को रुद्रपुर समेत ऊधम सिंह नगर जिले में दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस और अन्य विभागों के सहयोग से दिन-रात चले इस संयुक्त अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 738 चालान किए गए, जबकि 117 वाहनों को सीज किया गया। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर 201 और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 192 चालान किए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग के मामलों में 100 कार्रवाई की गईं, जिनमें 53 भार वाहनों और 47 यात्री वाहनों के मामले शामिल हैं। नशे की हालत में वाहन चलाने के 21 मामलों में अभियोग की कार्रवाई की गई।

ओवरस्पीडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर

अभियान के दौरान तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन संचालन सहित यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। यातायात के अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी 534 चालान किए जाने की जानकारी दी गई है।

अभियान में नवीन सिंह, प्रवर्तन दल रुद्रपुर; जितेन्द्र, दल सुतईया; प्रमोद कर्नाटक, प्रवर्तन दल हल्द्वानी; पवन कुमार, इंटरसेप्टर हल्द्वानी; आनन्द प्रकाश गुप्ता, इंटरसेप्टर; गोविन्द सिंह, सचल दल; तारकेन्द्र वैष्णव, सचल दल मझोला; अनिल कुमार, इंटरसेप्टर काशीपुर तथा सचिन कुमार, सचल दल काशीपुर सहित विभिन्न प्रवर्तन दलों ने भाग लिया।

नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी होगी कार्रवाई

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की है।

इसके साथ ही वाहन स्वामियों से क्षमता से अधिक भार या सवारी न बैठाने, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त रखने तथा रिफ्लेक्टर टेप का उचित प्रबंध करने का आग्रह किया गया है। विभाग का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button