Wednesday, October 28, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस, IG निवेदिता कुकरेती ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने और CCTV दुरुस्त रखने की अपील, जनसमस्याओं पर एक सप्ताह में कार्रवाई के निर्देश

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में सोमवार को ऊधम सिंह नगर में विभिन्न हितधारकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में उद्योगपतियों, व्यापार मंडल, परिवहन संचालकों, बैंक प्रबंधकों, स्कूल एसोसिएशन, ज्वेलर्स तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। आईजी ने त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ प्रबंधन, यातायात सुचारू रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

बाजारों में अतिक्रमण पर सख्ती, CCTV पर जोर

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से दुकानों का सामान निर्धारित परिसर में रखने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की अपील की गई। सभी व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

पटाखों की बिक्री में नियमों का पालन जरूरी

दीपावली के मद्देनजर पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थलों पर वैध लाइसेंस के साथ करने को कहा गया। पटाखा गोदामों एवं बिक्री केंद्रों पर अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन करने और अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील रखने के निर्देश दिए गए।

स्कूलों और ज्वेलर्स की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपेक्षा की गई। स्कूल बसों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया वहीं, ज्वेलर्स को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और आभूषण दिखाते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

बैंक प्रबंधकों और औद्योगिक इकाइयों को निर्देश

बैंक प्रबंधकों से MRM पोर्टल के माध्यम से फ्रीज की गई धनराशि वापस कराने से संबंधित मामलों में निर्धारित प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

सिडकुल एवं अन्य औद्योगिक इकाइयों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण दुरुस्त रखने तथा मालवाहक वाहनों का संचालन निर्धारित समय और यातायात नियमों के अनुसार कराने पर जोर दिया गया।

शिकायतों पर एक सप्ताह में कार्रवाई के निर्देश

बैठक में विभिन्न हितधारकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आईजी निवेदिता कुकरेती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित शिकायतों एवं सुझावों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने को कहा।

पुलिस ने व्यापारियों, उद्योगपतियों, परिवहन संचालकों, शैक्षणिक संस्थानों और आमजन से त्योहारों के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गोष्ठी में एसएसपी अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, काशीपुर एवं सितारगंज, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button