Thursday, October 22, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

नानकमत्ता में ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई,10 तमंचों के साथ 10 गिरफ्तार 350 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद,10 हजार लीटर लहन और चार भट्टियां नष्ट; 14 संदिग्ध हिरासत में, दो वारंटी भी गिरफ्तार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर । ऊधम सिंह नगर जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक चेकिंग और कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, करीब 10 घंटे तक चले अभियान में अवैध असलहों, कच्ची शराब और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अवैध कच्ची शराब के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 14 संदिग्ध व्यक्तियों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया। दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान की कमान एसपी सिटी रुद्रपुर ने संभाली। क्षेत्राधिकारी खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नानकमत्ता के नेतृत्व में पुलिस की 10 टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और दबिश दी। अभियान में विभिन्न थानों एवं चौकियों की पुलिस, पीएसी, एसओजी, पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय और एंटी राइट टीम के जवान शामिल रहे।10 तमंचे और 13 कारतूस बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 10 आरोपियों के कब्जे से 10 अवैध तमंचे बरामद किए गए। बरामद असलहों में 315 बोर और 12 बोर के तमंचे शामिल बताए गए हैं। इनके साथ 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

350 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त चेकिंग अभियान के दौरान कच्ची शराब बनाने वाली चार भट्टियों को नष्ट किया गया और करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
14 संदिग्धों पर निरोधात्मक कार्रवाई, दो वारंटी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत संरक्षण में लिया। पुलिस के अनुसार, इन व्यक्तियों से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अलग-अलग मामलों में वांछित दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।

सात क्यूआर कोड स्कैनर और 12 लाख रुपये मिलने का दावा
अभियान से संबंधित शुरुआती जानकारी में एक संदिग्ध व्यक्ति से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात भी सामने आई है। इस बरामदगी को साइबर अपराध की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस मामले में बरामदगी की परिस्थितियों और संभावित साइबर अपराध से संबंध की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि एवं जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
अन्य थाना क्षेत्रों में भी चलेंगे अभियान

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार जिले के अन्य थाना और कोतवाली क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाने की बात कही गई है। पुलिस का फोकस अवैध हथियार रखने वालों, साइबर अपराध में संलिप्त संदिग्धों, कच्ची शराब के कारोबारियों और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चेकिंग, दबिश और निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button