Thursday, October 29, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

डीपीएस रुद्रपुर में एसएसपी अजय गणपति ने संभाली जागरूकता की कमान, 1000 से अधिक विद्यार्थियों को किया जागरूक साइबर अपराध, यातायात नियमों, नशे और मानव तस्करी के प्रति किया जागरूक, सुरक्षित समाज बनाने का दिया संदेश

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तानरुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति ने बुधवार को डीपीएस रुद्रपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, नशे के दुष्प्रभावों और मानव तस्करी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

एसएसपी ने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की कार्रवाई के साथ आमजन की सतर्कता और सामाजिक सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।यातायात सुरक्षा के संबंध में उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और शिक्षा एवं खेलकूद पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

मानव तस्करी के प्रति जागरूक करते हुए एसएसपी ने अनजान व्यक्तियों के प्रलोभनों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी अपने परिवार और समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में सीओ रुद्रपुर विभव सैनी, निरीक्षक बसंती आर्या, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर संजय पाठक, निरीक्षक यातायात शंकर सिंह बिष्ट, निरीक्षक सीपीयू ललित सिंह देवरी तथा साइबर सेल एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button