Sunday, September 13, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

नानकसागर डैम पार ‘खाकी का किला’, नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा! बिसौटा में खुली नई पुलिस चौकी, SSP अजय गणपति ने किया शुभारंभ दुर्गम इलाके में अब 24 घंटे पुलिस की नजर, तस्करों और अपराधियों की बढ़ी मुश्किलें

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान नानकमत्ता। नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले नानकसागर डैम पार बिसौटा क्षेत्र में अब खाकी की सीधी निगरानी होगी। मुख्यमंत्री के ‘नशा मुक्त देवभूमि’ संकल्प के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए नवनिर्मित बिसौटा पुलिस चौकी की शुरुआत कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने रविवार को विधि-विधान, मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर चौकी का शुभारंभ किया।

चौकी के अस्तित्व में आने के साथ ही डैम पार के दुर्गम क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित होगी। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

तस्करों के लिए अब आसान नहीं होगी राह
नानकसागर डैम के पार का इलाका भौगोलिक रूप से अलग-थलग होने के कारण पुलिस के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। इसी का फायदा उठाकर आपराधिक तत्व और नशे के कारोबार से जुड़े लोग गतिविधियां संचालित करने की कोशिश करते रहे हैं। नई चौकी से पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया दोनों तेज होंगी।

ग्रामीणों में राहत, अपराधियों में खलबली
बिसौटा में पुलिस चौकी खुलने से स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस की नियमित मौजूदगी से नशे के कारोबार के साथ ही अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि नानकसागर डैम पार का क्षेत्र अपराधियों और नशा तस्करों के लिए सुरक्षित ठिकाना नहीं रहेगा। बिसौटा चौकी का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देना और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button