वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद, नंबर प्लेट हटाकर झाड़ियों में छिपाते थे वाहन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद दोनों मोटरसाइकिलें रुद्रपुर कोतवाली में दर्ज एफआईआर संख्या 470/2026 और 472/2026 से संबंधित चोरी के वाहन के रूप में सत्यापित हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को अमन पुत्र ज्ञान सिंह ने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK-06-AK-4820 के विशाल मेगा मार्ट, श्री गुरु अंगद देव जी कॉम्प्लेक्स की पार्किंग से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 470/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी प्रकार सागर अरोरा ने हीरो सीडी डॉन मोटरसाइकिल संख्या UA06-D-1925 के मुख्य बाजार स्थित ग्रोवर फर्नीचर के सामने से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में एफआईआर संख्या 472/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटनाओं के शीघ्र अनावरण के लिए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीमों को कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश और सुरागरसी-पतारसी शुरू की इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित सेक्शन इंजीनियर कार्यालय के पास झाड़ियों में दो संदिग्ध युवक दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के साथ मौजूद हैं तथा चोरी के वाहनों को बेचने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों मिलकर रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट हटा देते और वाहनों को सुनसान स्थानों अथवा झाड़ियों में छिपा देते थे। ग्राहक मिलने पर चोरी के वाहनों को कम कीमत में बेचने की तैयारी की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपी
1. मोहम्मद अरमान, पुत्र अली हुसैन, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी मलसी, कोतवाली रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर। मूल निवासी सुकटवा ज्वालापुर, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश।
2. अरमान, पुत्र नन्हे, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी ग्राम ज्वालापुर भैंसिया, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश।
बरामद वाहन
हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK-06-AK-4820
हीरो सीडी डॉन मोटरसाइकिल संख्या UA06-D-1925
टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, काला रंग
दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के वाहन बरामद होने तथा उनकी संयुक्त संलिप्तता सामने आने पर संबंधित अभियोगों में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा उपनिरीक्षक प्रदीप पंत, उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा, कांस्टेबल 1157 हरीश रावत, कांस्टेबल 1316 हयात चंद्र एवं कांस्टेबल महेश पंचपाल ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।।

