ऊधम सिंह नगर

राष्ट्रीय खेलों के 103 पदक विजेताओं को मिलेगी सरकारी नौकरी स्वर्ण पदक विजेताओं को ग्रेड पे 4200, रजत-कांस्य विजेताओं को योग्यता के अनुरूप मिलेगा अवसर

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर उत्तराखण्ड का गौरव बढ़ाने वाले 103 खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दिए जाने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार के प्रावधान के अनुसार स्वर्ण पदक विजेताओं को ग्रेड पे 4200 की सरकारी नौकरी दी जाएगी। वहीं रजत एवं कांस्य पदक विजेताओं को उनकी योग्यता और निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्रेड पे 2000 से 2800 तक सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा।

पदक विजेताओं को उनकी योग्यता एवं निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पुलिस, शिक्षा, वन, खेल एवं युवा कल्याण समेत विभिन्न विभागों में नियुक्ति का अवसर मिल सकेगा राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों का सम्मान मिलने के साथ-साथ सुरक्षित रोजगार भी मिलेगा। राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार, बेहतर प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने पर लगातार जोर दे रही है। सरकार की इस पहल से युवाओं में यह संदेश मजबूत होगा कि खेल प्रतिभा प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर करियर और सुरक्षित भविष्य का माध्यम भी बन सकती है। राज्य सरकार का यह निर्णय उत्तराखण्ड में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button