23 से 25 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय में सजेगा ‘देहरादून किताब कौतिक’
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
देहरादून। पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं में जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं साहित्यिक रुचि विकसित करने के उद्देश्य से क्रिएटिव उत्तराखंड की ओर से 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में 16वें ‘किताब कौतिक’ का आयोजन किया जाएगा। इस बार पुस्तक मेले की थीम ‘आओ, दोस्ती करें किताबों से’ रखी गई है।
आयोजन को लेकर शनिवार को दून पुस्तकालय के एम्फी थिएटर में विशेष परिचर्चा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप देने के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया। संयोजक हेम पंत ने बताया कि क्रिएटिव उत्तराखंड की ओर से अब तक उत्तराखंड के विभिन्न कस्बों और शहरों में 15 सफल ‘किताब कौतिक’ आयोजित किए जा चुके हैं। देहरादून में आयोजित होने वाला यह 16वां किताब कौतिक दून पुस्तकालय के हॉल, ओपन थिएटर और गलियारों में आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार पुस्तक मेले में करीब 75 प्रकाशकों की 80 हजार पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही साहित्यिक परिचर्चा, प्रसिद्ध लेखकों से सीधी बातचीत, करियर काउंसलिंग, काव्य गोष्ठी और सांस्कृतिक संध्याएं प्रमुख आकर्षण होंगी। बच्चों के लिए विज्ञान कोना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नेचर वॉक, साहसिक खेल, पपेट निर्माण, भाषा-संस्कृति और वॉल पेंटिंग जैसी कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।
हेम पंत ने कहा कि किताब कौतिक का उद्देश्य केवल देहरादून में 80 हजार पुस्तकें लाना नहीं है, बल्कि युवाओं के मन में जिज्ञासा, रचनात्मकता और पढ़ने की आदत का बीज बोना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देशभर से साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता, रंगकर्मी और विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
आयोजन से एक सप्ताह पहले देहरादून के विभिन्न स्कूलों के बच्चों के लिए ‘पांच दिवसीय बालप्रहरी बाल लेखन कार्यशाला’ आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे स्वयं हस्तलिखित पुस्तकें तैयार करेंगे और किताब कौतिक के दौरान उनके लिए विशेष स्टॉल लगाया जाएगा। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
बैठक में हेम पंत, दयाल पांडे, भारती पांडे, प्रवीन कुमार भट्ट, रमाकांत बेंजवाल, बीना बेंजवाल, हेमा तिवारी, देवेश जोशी, प्रेम पंचोली, मनोज पांडे, दीप्ति भट्ट, प्रोफेसर शशि सहित साहित्यकार, शिक्षक, शोधार्थी, रंगकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार मौजूद रहे।।

