ऊधम सिंह नगर

युवती की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने फर्श पर पड़े खून के धब्बे मिटाने और घटनास्थल बदलने का भी प्रयास किया था।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन पुत्र स्व. फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज की तहरीर पर 11 सितंबर को आईटीआई कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में मु0अ0सं0 286/26 के तहत धारा 103(1)/238/61(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम लगातार नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश और सुरागरसी कर रही थी पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को आईटीआई कोतवाली पुलिस चौकी पैगा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश और विवेचनात्मक कार्रवाई में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान साजिद के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ धारा 105/91(2), 238 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पूछताछ में सामने आई घटना की कहानी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साजिद ने बताया कि उसने करीब छह माह पहले 12 बोर का तमंचा महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई। इसी दौरान साजिद की छोटी बेटी से गोली चल गई, जो मेहविश को लगी और उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद साजिद ने शव को अपने घर से हटाकर मृतका के घर पहुंचाया, जिससे घटनास्थल बदलने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी इसके बाद फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
साजिद पुत्र जुम्मा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।
सबीना पुत्री साजिद, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।
फिजा पुत्री साजिद, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर।

बरामदगी
एक 12 बोर का अवैध तमंचा
एक 12 बोर का खोखा कारतूस
पुलिस टीम में शामिल रहे प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय, प्रभारी चौकी पैगा विक्रम सिंह धामी, अ0उ0नि0 दीपक चौहान, कांस्टेबल हरीश नेगी, कांस्टेबल जगदीश दुगताल, महिला कांस्टेबल राधा गोस्वामी एवं कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती।।

error: Content is protected !!
Call Now Button