सीएमओ ने तीन सरकारी अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी, मरीजों से लिया फीडबैक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उधम सिंह नगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव गोस्वामी ने शनिवार को जनपद के तीन सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति, वार्डों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
सीएमओ ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल गौर सहित अन्य चिकित्सक अपने दायित्वों पर उपस्थित मिले। ओपीडी का संचालन सुचारू पाया गया। निरीक्षण के दौरान पीएनसी वार्ड में छह और जनरल वार्ड में आठ मरीज भर्ती मिले। सीएमओ ने भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने तथा सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र मरीजों को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर का निरीक्षण किया। यहां डॉ. विवेक और डॉ. वर्षा उपस्थित मिले। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, डिलीवरी रूम और एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान दो मरीज भर्ती मिले, जिनसे अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण में स्थानीय स्तर पर चिकित्सकों की कमी का मुद्दा सामने आया, जिस पर सीएमओ ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाजपुर उप जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान डॉ. विनय यादव और डॉ. आकांक्षा उपस्थित मिले। सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया, जहां पीएनसी वार्ड में चार और जनरल वार्ड में तीन मरीज भर्ती पाए गए। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी ने कहा कि औचक निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना और आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।।

