किसानों की समस्याओं को लेकर गरजी भारतीय किसान क्रांति यूनियन, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
मिलक। क्षेत्र की जनसमस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय किसान क्रांति यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।
ज्ञापन में पीएचसी की बदहाल व्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पीएचसी के मुख्य गेट पर रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते मरीजों और तीमारदारों को परेशानी होती है। परिसर में जगह-जगह बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है, जिससे जहरीले सांप और अन्य कीड़े-मकौड़ों का खतरा बना हुआ है। यूनियन ने तत्काल सफाई कराने और पर्याप्त लाइटें लगवाने की मांग की।
करीमगंज और उसके मजरे में श्मशान घाट तक जाने वाले रास्तों की हालत को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं के अनुसार जलभराव और कीचड़ के कारण रास्ते खराब हो चुके हैं तथा घास उग आने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। यूनियन ने जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही रास्तों की सफाई और मरम्मत कराने की मांग की।
राशन कार्ड बनवाने में गरीबों को हो रही परेशानी को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि पात्र लोगों को राशन कार्ड बनवाने के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कुछ लोगों से पैसे लेकर राशन कार्ड बनाए जाने की शिकायतों का भी ज्ञापन में उल्लेख किया गया। यूनियन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र में जर्जर बिजली के तारों को बदलवाने की मांग करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुराने तारों में आए दिन फाल्ट होते रहते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। उन्होंने विद्युत विभाग से जर्जर तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदलवाने की मांग की किसानों के हित में यूनियन ने गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि जब चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं तो किसानों को भी उनकी मेहनत और लागत के अनुरूप गन्ने का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र गरीब और आवासविहीन परिवारों को शामिल करने की मांग की गई। यूनियन ने कहा कि जिन पात्र परिवारों के नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनका सर्वे कराकर पात्रता सूची में नाम जोड़ा जाए और उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय सचिव मोनू शर्मा, जिला अध्यक्ष ज्ञानपाल सिंह यादव, प्रेमपाल गंगवार, थान सिंह, सीमा, संतोष, उर्मिला, रेखा, गीता, पिंकी, सोहन सिंह, कविता सहित अन्य किसान मौजूद रहे।।

