डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री को लेकर किसानों से सहयोग की अपील
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। जनपद ऊधम सिंह नगर में भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिलाधिकारी के आदेश पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को इस कार्य के लिए नामित किया गया है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत राजस्व उप निरीक्षक, कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 एवं 2, गन्ना विभाग के गन्ना पर्यवेक्षक एवं गन्ना विकास निरीक्षक, उद्यान विभाग के उद्यान पर्यवेक्षक एवं सहायक विकास अधिकारी (उद्यान) सहित अन्य कर्मचारी आवंटित ग्रामों में खेत-खेत जाकर फसलों का डिजिटल सर्वे कर रहे हैं।
इसी प्रकार फार्मर रजिस्ट्री के लिए कृषि, गन्ना, उद्यान, ग्राम्य विकास, मत्स्य, डेयरी, सहकारिता एवं बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मचारी तथा कृषि सखी और बैंक सखी ग्राम-ग्राम एवं घर-घर जाकर किसानों का पंजीकरण कर रहे हैं।
मुख्य विकास अधिकारी, ऊधमसिंहनगर ने बताया कि भविष्य में कृषि, उद्यान, पशुपालन, गन्ना, मत्स्य, डेयरी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर दिए जाने की व्यवस्था है। ऐसे में किसानों के लिए इन कार्यों को समय से पूरा कराना महत्वपूर्ण है।
किसी भी नागरिक अथवा कृषक को डिजिटल क्रॉप सर्वे या फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कोई समस्या या शंका होने पर वह अपने निकटतम कृषि विभाग अथवा राजस्व विभाग के कार्यालय से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों, कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि गांवों में पहुंचने वाले संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।।

