प्रमाण पत्रों के लिए भटक रहे लोगों के लिए मददगार बने महापौर विकास शर्मा
प्रमाण पत्रों के लिए भटक रहे लोगों के लिए मददगार बने महापौर विकास शर्मा
पटवारियों की हड़ताल के बीच महापौर की पहल पर डीएम ने जारी किए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश, संग्रह अमीनों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए किया अधिकृत
सौरभ गंगवार/टुडे हिन्दुस्तान
रुद्रपुर। पटवारियों की हड़ताल के चलते आय, जाति और स्थायी निवास समेत विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए तहसील के चक्कर काट रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर विकास शर्मा की पहल पर जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू करते हुए संग्रह अमीनों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए अधिकृत कर दिया है। इस निर्णय से विद्यार्थियों, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
दरअसल, पटवारियों की हड़ताल के कारण तहसीलों में प्रमाण पत्र बनाने और आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इसका सबसे अधिक असर उन विद्यार्थियों और युवाओं पर पड़ रहा था, जिन्हें कॉलेजों में प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय सीमा में प्रमाण पत्र जमा करने हैं। वहीं, आय, जाति और स्थायी निवास प्रमाण पत्रों की जरूरत वाले आम नागरिक भी परेशान थे।
जनता की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से वार्ता कर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा का खामियाजा आम जनता को नहीं भुगतना चाहिए। विशेषकर विद्यार्थियों का भविष्य और जरूरतमंद परिवारों के सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।
महापौर के आग्रह पर जिलाधिकारी ने त्वरित निर्णय लेते हुए संग्रह अमीनों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए अधिकृत कर दिया। इसके लिए पटवारियों द्वारा तहसीलदार को सौंपे गए आईडी और पासवर्ड संग्रह अमीनों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लंबित आवेदनों का तात्कालिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस वैकल्पिक व्यवस्था से उन विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य महत्वपूर्ण कार्य प्रमाण पत्रों के अभाव में अटके हुए थे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रमाण पत्र बनवाने वाले नागरिकों को भी अब सहूलियत मिल सकेगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। प्रशासनिक कारणों से किसी भी नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। पटवारियों की हड़ताल के कारण लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी हो रही थी। जिलाधिकारी से वार्ता कर इसका वैकल्पिक समाधान कराया गया है। संग्रह अमीनों को अधिकृत किए जाने से जरूरतमंद लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।।

