चालान काटने के बाद भी नहीं रुका एनएचएआई कार्यालय का निर्माण, विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर उठे सवाल सरकारी भवन के निर्माण के लिए भी नक्शा पास कराना अनिवार्य, प्राधिकरण के अधिकारियों ने खुद की पुष्टि; सिडकुल के सामने मटकोटा के बराबर ओवरब्रिज के नीचे हो रहा निर्माण
चालान काटने के बाद भी नहीं रुका एनएचएआई कार्यालय का निर्माण, विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर उठे सवाल
सरकारी भवन के निर्माण के लिए भी नक्शा पास कराना अनिवार्य, प्राधिकरण के अधिकारियों ने खुद की पुष्टि; सिडकुल के सामने मटकोटा के बराबर ओवरब्रिज के नीचे हो रहा निर्माण
सौरभ गंगवार/टुडे हिन्दुस्तान
रुद्रपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में निर्माण कार्यों को लेकर विकास प्राधिकरण के नियमों और उनकी अनुपालना पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला सिडकुल के ठीक सामने मटकोटा के बराबर में ओवरब्रिज के नीचे एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के कार्यालय के लिए कराए जा रहे निर्माण का है। बताया जा रहा है कि जिस भूमि पर यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है, वह पंतनगर क्षेत्र की भूमि है। खास बात यह है कि संबंधित निर्माण को लेकर विकास प्राधिकरण की ओर से पूर्व में ही चालान काटा जा चुका है, इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य जारी रहने की बात सामने आ रही है।
इस मामले में विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि उक्त निर्माण को लेकर पहले ही चालान की कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भवन होने का मतलब यह नहीं है कि निर्माण के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं से छूट मिल जाएगी। यदि किसी सरकारी विभाग या संस्था की ओर से भी भवन का निर्माण कराया जा रहा है, तो उसके लिए नियमानुसार नक्शा पास कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण को नियमों के अनुरूप नहीं माना जा सकता।
अधिकारियों के इस बयान के बाद निर्माण कार्य को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े हो रहे हैं। जब विकास प्राधिकरण की ओर से पूर्व में ही चालान काटा जा चुका है, तो इसके बावजूद निर्माण कार्य कैसे जारी है? क्या संबंधित विभाग की ओर से अब तक भवन का नक्शा स्वीकृत कराया गया है? यदि नक्शा पास नहीं है, तो चालान काटने के बाद निर्माण रोकने के लिए आगे की कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या संबंधित विभाग को निर्माण जारी रखने की अनुमति दी गई है?
आमतौर पर विकास प्राधिकरण की ओर से निजी भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निर्माण में नक्शा स्वीकृति तथा अन्य निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य कराया जाता है। ऐसे में सरकारी विभाग के भवन निर्माण में भी उन्हीं नियमों का पालन होना चाहिए। यदि सरकारी भवन के लिए भी नक्शा पास कराना जरूरी है, तो संबंधित विभाग को भी निर्माण शुरू करने से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी करनी चाहिए।
अब कार्रवाई पर टिकी निगाहें
सिडकुल के सामने स्थित इस निर्माण को लेकर अब लोगों की निगाहें विकास प्राधिकरण के अगले कदम पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या प्राधिकरण केवल चालान काटकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान रहा है या फिर निर्माण से संबंधित स्वीकृतियों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी करेगा? यदि निर्माण के लिए नक्शा स्वीकृत नहीं है, तो क्या निर्माण कार्य पर रोक लगाने अथवा अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी? फिलहाल विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि सरकारी भवन के लिए भी नक्शा पास कराना अनिवार्य है और इस मामले में पूर्व में चालान काटा जा चुका है। ऐसे में अब संबंधित विभाग और विकास प्राधिकरण की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने की जरूरत है।।
