न्यायालय की गंभीर टिप्पणी, संदीप यादव उर्फ संदीप राव के खिलाफ धारा 344 CrPC के तहत अलग वाद दर्ज करने के आदेश शपथपूर्वक मिथ्या साक्ष्य प्रस्तुत करने का मामला, न्यायालय ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी दिए निर्देश
न्यायालय की गंभीर टिप्पणी, संदीप यादव उर्फ संदीप राव के खिलाफ धारा 344 CrPC के तहत अलग वाद दर्ज करने के आदेश
शपथपूर्वक मिथ्या साक्ष्य प्रस्तुत करने का मामला, न्यायालय ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी दिए निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। न्यायालय में शपथपूर्वक मिथ्या साक्ष्य प्रस्तुत करने के मामले में व्यापार मंडल रुद्रपुर के कोषाध्यक्ष संदीप यादव उर्फ संदीप राव के खिलाफ अब अलग से कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होगी। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने उनके आचरण पर गंभीर टिप्पणी करते हुए दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 344 के तहत पृथक वाद दर्ज करने और नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
न्यायालय के आदेश में उल्लेख किया गया है कि पीडब्ल्यू-02 संदीप यादव द्वारा मामले से संबंधित तथ्यों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए अपनाया गया तरीका अनुचित था। आदेश के अनुसार, संबंधित साक्षी ने मामले की घटना के सही तथ्यों को सत्यनिष्ठा से प्रकट नहीं किया और जानबूझकर मिथ्या साक्ष्य प्रस्तुत किया।
न्यायालय ने टिप्पणी की कि इस तरह का आचरण केवल किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि न्यायालय की न्यायिक प्रक्रिया और न्याय प्रशासन की व्यवस्था के प्रति गंभीर चुनौती है। साक्ष्य प्रस्तुत करने में इस प्रकार की अनियमितता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
न्यायालय ने स्पष्ट किया कि ऐसी परिस्थितियों में धारा 344 दंड प्रक्रिया संहिता के प्रावधानों के तहत संक्षिप्त विचारण किया जाना न्यायोचित होगा। इसी के तहत संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध पृथक वाद दर्ज करने और नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
न्यायालय की इस टिप्पणी और आदेश के बाद मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, यह कार्रवाई अभी न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप आगे बढ़ाई जानी है। संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया में ही इस मामले का अंतिम नतीजा तय होगा।
न्यायालय का संदेश स्पष्ट है कि न्यायिक प्रक्रिया में शपथपूर्वक साक्ष्य प्रस्तुत करते समय तथ्यों की सत्यता और निष्पक्षता सर्वोपरि है।।
