सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय में स्व-जनगणना को लेकर कार्यशाला आयोजित, 1056 छात्र-छात्राओं ने लिया प्रशिक्षण वीडियो और मोबाइल के माध्यम से विद्यार्थियों को दी गई स्व-जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी, व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर समझाया गया महत्व
सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय में स्व-जनगणना को लेकर कार्यशाला आयोजित, 1056 छात्र-छात्राओं ने लिया प्रशिक्षण
वीडियो और मोबाइल के माध्यम से विद्यार्थियों को दी गई स्व-जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी, व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर समझाया गया महत्व
सौरभ गंगवार/टुडे हिन्दुस्तान
रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 23 नवंबर 2026 को स्व-जनगणना को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के 1056 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर स्व-जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और भविष्य में होने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम की ओर से संजय मनराल के नेतृत्व में प्रशिक्षण देने के लिए एक टीम महाविद्यालय पहुंची। टीम ने विद्यार्थियों को वीडियो के माध्यम से स्व-जनगणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। इसके बाद छात्र-छात्राओं को मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-जनगणना करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि किस प्रकार निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज की जा सकती है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सर्वजीत सिंह ने विद्यार्थियों को स्व-जनगणना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने स्व-जनगणना के उद्देश्य और लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि स्व-जनगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने भविष्य में इसके उपयोग और लाभों को लेकर भी विद्यार्थियों के साथ विस्तार से परिचर्चा की तथा स्व-जनगणना को सही तरीके से पूर्ण करने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यशाला में राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक अजय गिरी, शोध छात्रा किरण आर्य, विशाल आर्य, कुमकुम मिश्रा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट, वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव कुशवाहा, छात्रसंघ सचिव गुरबाज सिंह, नागेंद्र गंगवार, मोहम्मद असलम सहित छात्रसंघ के तमाम पदाधिकारी एवं महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही अंत में नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने नगर निगम से आए प्रशिक्षण दल, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।।

