बनबसा को 1.14 करोड़ की गौशाला की सौगात, 75 गोवंश को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
बनबसा को 1.14 करोड़ की गौशाला की सौगात, 75 गोवंश को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
नायकखेड़ा में 800 वर्गमीटर भूमि पर होगा निर्माण, आवारा पशुओं से मिलेगी राहत; सड़क दुर्घटनाओं पर भी लगेगा अंकुश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकासपरक संकल्प के तहत चम्पावत जिले के बनबसा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। नगर पंचायत बनबसा में 1 करोड़ 14 लाख 60 हजार रुपये की लागत से 75 गोवंश की क्षमता वाली गौशाला के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ ही सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
शुक्रवार को सचिव, पशुपालन विभाग, उत्तराखंड शासन की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय व्यय समिति की बैठक में गौशाला निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। स्वीकृत योजना के तहत टनकपुर क्षेत्र के ग्राम नायकखेड़ा में नगर पंचायत बनबसा की 800 वर्गमीटर भूमि पर गौशाला का निर्माण किया जाएगा।
गौशाला बनने से बेसहारा और निराश्रित गोवंश को सुरक्षित ठिकाना मिलेगा। इसके साथ ही सड़कों पर पशुओं के विचरण से होने वाली परेशानियों में कमी आने और पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलने की उम्मीद है।
जनसुरक्षा और गोवंश संरक्षण को मिलेगी मजबूती
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गौशाला निर्माण की स्वीकृति को गोवंश संरक्षण और जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में गोवंश संरक्षण और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। गौशाला बनने से निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा, वहीं यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने में भी मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गौशाला निर्माण की अग्रिम कार्यवाही नियमानुसार सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।।

