ऑपरेशन प्रहार: ट्रांजिट कैंप पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी शाहजहांपुर से गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और चाकू के साथ दो युवक पकड़े
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में एक युवक को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से गिरफ्तार कर लड़की को बरामद किया वहीं, दूसरी कार्रवाई में दो युवकों को अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू के साथ पकड़ा गया।
नाबालिग को ले जाने का आरोपी शाहजहांपुर से गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अजय नाम का व्यक्ति उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 9 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से नाबालिग लड़की को आरोपी अजय श्रीवास्तव (22) पुत्र इंदर पाल, निवासी नोगवा पकरिया, थाना सुनगढ़ी, जिला पीलीभीत के साथ बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), 87 और 137(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक, काउंसलिंग के बाद नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट, कांस्टेबल हिमांशु और महिला कांस्टेबल कंचन चौधरी शामिल रहे।
तमंचा, कारतूस और चाकू के साथ दो युवक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम 9 अक्टूबर को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम मोदी मैदान होते हुए पंचवटी कॉलोनी पहुंची। पुलिस के अनुसार, कॉलोनी के गेट के पास खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने दोनों को पकड़कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान रोहित वाल्मीकि (18) पुत्र राजेश, निवासी शिवनगर, ट्रांजिट कैंप के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, ध्रुव उर्फ पुलपुलिया (18) पुत्र बिरजू सागर, निवासी शिवनगर के कब्जे से एक नुकीला चाकू मिला। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने हथियार अपनी सुरक्षा के लिए रखे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मुकदमा अपराध संख्या 327/2026, धारा 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। इस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल दीपक जोशी शामिल रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान के तहत चेकिंग और कार्रवाई जारी रहेगी।।

