किसानों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बैठक, समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता सहित किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि नीतिगत मामलों को शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर है और जरूरत पड़ने पर किसी भी समय किसान प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की जाएगी। किसानों की समस्याओं के लिए अब प्रत्येक माह किसान दिवस आयोजित किया जाएगा।
बैठक में काशीपुर चीनी मिल से वर्ष 2007 तथा वर्ष 2012-13 का किसानों का बकाया भुगतान नहीं होने का मामला उठाया गया। बताया गया कि इस संबंध में इलाहाबाद में वाद चल रहा है। जिलाधिकारी ने सहायक गन्ना आयुक्त को इलाहाबाद जाकर मामले की पैरवी करने और शीघ्र निस्तारण का प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्णय होने के बाद किसानों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
चीनी मिल की करीब 50 एकड़ भूमि परिवार के लोगों के नाम हस्तांतरित किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति में एसडीएम काशीपुर और गन्ना अधिकारी को भी शामिल किया जाएगा। समिति भूमि हस्तांतरण से जुड़े प्रकरणों की जांच कर एक माह में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
जसपुर के पतरमपुर भूमि प्रकरण की शिकायत पर भी अपर जिलाधिकारी (एफआर) की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी।
काशीपुर बाईपास पर बागवाड़ा के पास सर्विस रोड निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने पीडी एनएचएआई को एनएचएआई चेयरमैन के नाम अर्द्धशासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिए।
कृषि भूमि के विनियमितीकरण के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि शासनादेश प्राप्त होते ही कैंप लगाकर पारदर्शिता के साथ नियमितीकरण की कार्रवाई की जाएगी। किसानों की मांग पर बाजपुर मंडी स्थित किसान भवन को खाली कराकर तत्काल किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
वाहनों की ओवरलोडिंग और जाम की समस्या को लेकर एसपी सिटी रुद्रपुर को मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे 30 सितंबर से पहले अपना पंजीकरण करा लें, ताकि एक अक्टूबर से शुरू होने वाली धान खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके। उन्होंने बताया कि पूर्व की भांति पर्याप्त स्थानों पर धान क्रय केंद्र खोले जाएंगे। साथ ही मुख्य कृषि अधिकारी को किसानों की मांग के अनुरूप यूरिया, डीएपी और एनपीके की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, गन्ना आयुक्त टीएस मर्तोलिया, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी लता मिश्रा, पीडी एनएचएआई अंचल बंसल तथा किसान प्रतिनिधियों की ओर से प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।।

