वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच टाइटन का ‘पावर प्ले’, उत्पादन बढ़ने के साथ ऊर्जा दक्षता में सुधार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
पंतनगर। मध्य-पूर्व में जारी संकट के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और ईंधन बाजार में बढ़ती अस्थिरता के बीच टाइटन कंपनी लिमिटेड के पंतनगर ज्वेलरी प्लांट ने ऊर्जा संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘पावर प्ले’ पहल को गति दी है। कंपनी का कहना है कि स्थानीय स्तर पर किए जा रहे इन प्रयासों से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने के साथ ही अधिक टिकाऊ और ऊर्जा-कुशल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
कंपनी के अनुसार मई से सितंबर 2026 के बीच पंतनगर प्लांट में उत्पादन में 18 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि इसी अवधि में विशिष्ट ऊर्जा खपत प्रदर्शन में 10 प्रतिशत से अधिक सुधार दर्ज किया गया। ऊर्जा खपत 4.42 से घटकर 3.94 किलोवाट-घंटा प्रति ग्राम रह गई।
डीजल खपत में 50 प्रतिशत तक कमी
‘पावर प्ले’ पहल के तहत सौर ऊर्जा को जनरेटर संचालन के साथ जोड़ा गया है। इससे डीजी सेट के लिए डीजल की खपत में करीब 50 प्रतिशत की कमी आई है। कंपनी के मुताबिक इससे सालाना लगभग 16.2 किलोलीटर डीजल की बचत होने का अनुमान है। यह बचत लगभग 54 एसयूवी वाहनों के पंतनगर से बेंगलुरु तक आने-जाने में होने वाली ईंधन खपत के बराबर बताई गई है।
प्लांट में ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए 11 एयर हैंडलिंग यूनिट (AHU) को ईसी फैन से अपग्रेड किया गया है। इससे सालाना करीब 47,773 यूनिट बिजली की बचत होने का अनुमान है, जो लगभग 44 परिवारों के एक वर्ष के बिजली उपयोग के बराबर है।
इसके अलावा रात की शिफ्ट में 200 KVA डीजी सेट के उपयोग को अनुकूलित कर सालाना करीब 6,500 लीटर डीजल की बचत का लक्ष्य रखा गया है।
कर्मचारियों को हरित परिवहन के लिए किया प्रेरित
ऊर्जा संरक्षण के साथ कर्मचारियों को पर्यावरण अनुकूल परिवहन अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। ‘नो-व्हीकल डे’ और अन्य कर्मचारी मोबिलिटी पहलों के माध्यम से करीब 5,459 किलोमीटर की पारंपरिक वाहन यात्रा को कम किया गया।
‘वर्ल्ड साइकिल डे’ के अवसर पर 60 कर्मचारियों ने साइकिल से काम पर पहुंचकर स्वस्थ, किफायती और शून्य-उत्सर्जन वाले आवागमन का संदेश दिया। वहीं, दो इलेक्ट्रिक साइकिलों की शुरुआत की गई है, जिनसे हर वर्ष 5,000 किलोमीटर से अधिक पारंपरिक वाहन यात्रा को प्रतिस्थापित किए जाने की संभावना है।
सामुदायिक स्तर पर भी हरित पहल
टाइटन की ओर से पंतनगर प्लांट के आसपास सामुदायिक स्तर पर भी हरित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जीजीआईसी रुद्रपुर में पौधरोपण और पौधों के वितरण अभियान के तहत 1,000 पौधे वितरित किए गए, जबकि 100 पेड़ लगाए गए।
कंपनी के अनुसार ‘पावर प्ले’ पहल का उद्देश्य केवल प्लांट स्तर पर ऊर्जा बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों और समुदाय को भी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कंपनी का मानना है कि वैश्विक स्तर पर सामने आ रहे ऊर्जा और पर्यावरण संबंधी संकटों का प्रभावी जवाब स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार और टिकाऊ कदम उठाने से शुरू होता है।।

