प्रोफेशनलिज्म के सामने ‘एटिट्यूड’! नामी होटल के कर्मचारी के व्यवहार पर उठे सवाल
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
नई दिल्ली। एरोसिटी स्थित एक प्रतिष्ठित होटल के हाउसकीपिंग विभाग से जुड़े एक वरिष्ठ कर्मचारी के कथित व्यवहार को लेकर सवाल उठे हैं। होटल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, संबंधित कर्मचारी का सर्विस पार्टनर्स और बाहरी प्रोफेशनल टीमों के साथ बातचीत का अंदाज कई बार अपेक्षित शालीनता और पेशेवर व्यवहार के अनुरूप नहीं रहा मामला उस समय चर्चा में आया, जब होटल प्रबंधन के आमंत्रण पर देश की एक प्रतिष्ठित कंपनी की तकनीकी टीम होटल परिसर में निरीक्षण, सर्वे और सेवाओं से संबंधित रिपोर्ट एवं प्रस्ताव तैयार करने पहुंची। बताया जाता है कि तकनीकी चर्चा के दौरान संबंधित कर्मचारी का रवैया टीम के सदस्यों को असहज करने वाला रहा।
सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान कर्मचारी ने अपने अनुभव और विभागीय जानकारी को लेकर खासा आत्मविश्वास प्रदर्शित किया। हालांकि, जब तकनीकी टीम ने सेवाओं से जुड़े व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं पर चर्चा शुरू की तो बातचीत का माहौल कथित तौर पर असहज हो गया। इसी दौरान कर्मचारी के कुछ कथित बयानों और व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा संयोग से घटनाक्रम के दौरान हमारी रिपोर्टिंग टीम भी मौके पर मौजूद थी बातचीत के कुछ पहलू संज्ञान में आने के बाद मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।
जब प्रोफेशनलिज्म के सामने ‘एटिट्यूड’ पर उठे सवाल
तकनीकी टीम होटल प्रबंधन के आमंत्रण पर एक महत्वपूर्ण पेशेवर जिम्मेदारी के तहत वहां पहुंची थी। ऐसे में अपेक्षा थी कि चर्चा तकनीकी तथ्यों, सेवा की गुणवत्ता और होटल की आवश्यकताओं तक सीमित रहेगी बताया जाता है कि बैठक के दौरान संबंधित कर्मचारी का आत्मविश्वास कुछ ऐसे अंदाज में सामने आया, जिसे मौजूद प्रोफेशनल टीम ने अपेक्षित कॉर्पोरेट व्यवहार से अलग महसूस किया। बातचीत के दौरान सामने आए कुछ कथित बयानों ने भी वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
मामला टॉप मैनेजमेंट तक पहुंचा
घटनाक्रम की जानकारी ग्रुप होटल के शीर्ष प्रबंधन तक भी पहुंची। सूत्रों के अनुसार, प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खेद व्यक्त किया और स्पष्ट किया कि होटल में आने वाले अतिथियों, सर्विस पार्टनर्स और प्रोफेशनल टीमों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए प्रबंधन की ओर से यह भरोसा भी दिया गया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए संबंधित टीम की कार्यप्रणाली और व्यवहार पर आवश्यक निगरानी रखी जाएगी बताया जाता है कि होटल के शीर्ष प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारी का नाम जानने में भी रुचि दिखाई। हालांकि, हमारी रिपोर्टिंग टीम ने कर्मचारी की पहचान सार्वजनिक नहीं करने का निर्णय लिया। उद्देश्य किसी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाना नहीं, बल्कि संस्थागत जवाबदेही और पेशेवर व्यवहार से जुड़े सवाल को सामने रखना है।
सवाल कर्मचारी से ज्यादा संस्थागत संस्कृति का
होटल उद्योग में हाउसकीपिंग विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। साफ-सफाई, हाइजीन, पेस्ट मैनेजमेंट, मेंटेनेंस और अन्य सपोर्ट सर्विसेज से जुड़े वेंडर्स के साथ बेहतर समन्वय होटल की गुणवत्ता और मेहमानों के अनुभव पर सीधे असर डालता है।
ऐसे में पद, अनुभव या आत्मविश्वास से कहीं अधिक महत्वपूर्ण व्यवहार, तकनीकी समझ, टीमवर्क और प्रोफेशनलिज्म होता है। किसी प्रतिष्ठित होटल की साख केवल उसकी इमारत, सुविधाओं या ब्रांड से नहीं बनती, बल्कि वहां काम करने वाले प्रत्येक कर्मचारी के आचरण से भी बनती है।
फिलहाल हमारी टीम संबंधित कर्मचारी के आचरण और पूरे घटनाक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटा रही है। इसलिए इस स्तर पर किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा लेकिन घटनाक्रम ने एक अहम सवाल जरूर खड़ा किया है—क्या किसी प्रतिष्ठित संस्थान में पद और अनुभव से बड़ा पेशेवर आचरण नहीं होना चाहिए?

