आपदा प्रबंधन को मिली मजबूती: जिलाधिकारी ने आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों का किया आवंटन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में आपदा के दौरान त्वरित एवं प्रभावी खोज, बचाव एवं राहत कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों का विभिन्न विभागों को आवंटन किया गया। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने आयोजित कार्यक्रम में संबंधित विभागों को आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम में जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज एवं खटीमा तहसीलों के साथ ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस विभाग तथा अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को आपदा प्रबंधन के लिए आवश्यक उपकरण सौंपे गए आवंटित उपकरणों में मिनी ड्रोन कैमरा, राफ्ट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाइट, मेगाफोन, रेस्क्यू थ्रो बैग, बैटरी एवं पेट्रोल संचालित कटर, गैस डिटेक्टर, फुल फेस मास्क, रेस्पिरेटर (गैस मास्क) सहित अन्य आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण शामिल हैं।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि इन उपकरणों के माध्यम से बाढ़, जलभराव, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना, गैस रिसाव तथा अन्य आपदाओं के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और सुरक्षित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल जनपद की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपदा की स्थिति में आमजन को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया, एसडीआरएफ टीम प्रभारी अर्जुन बिष्ट, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न तहसीलों के कर्मचारी उपस्थित रहे।।

