ऊधम सिंह नगर

एचडीएफसी एटीएम बना केला गोदाम, बदबू और गंदगी के बीच लेनदेन करने को मजबूर उपभोक्ता

रिपोर्ट। पिंटू लॉरेंस/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। शहर की इंदिरा कॉलोनी स्थित गली नंबर-3 के सामने मंदिर के बराबर बने एचडीएफसी बैंक के एटीएम में भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है। एटीएम के ठीक सामने फल विक्रेता द्वारा एटीएम के अंदर ही केले की कई क्रेटें रख दी गई हैं। इन क्रेटों के कारण एटीएम परिसर में गंदगी और तेज बदबू फैल रही है, जिससे यहां आने वाले उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम का उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नकदी निकालने और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए करते हैं, लेकिन एटीएम के अंदर रखी केले की क्रेटों के कारण ग्राहकों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। कई बार खराब होने वाले फलों और फैली गंदगी से दुर्गंध इतनी अधिक हो जाती है कि लोगों का एटीएम के अंदर कुछ मिनट भी रुकना मुश्किल हो जाता है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि बैंक के कर्मचारी और कैश वैन कर्मी नियमित रूप से एटीएम में नकदी भरने आते हैं। इसके बावजूद एटीएम परिसर में रखी इन क्रेटों और फैली गंदगी की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। इससे बैंक प्रबंधन की लापरवाही भी उजागर हो रही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि एटीएम किसी भी प्रकार का गोदाम नहीं है। सार्वजनिक सुविधा वाले इस स्थान पर फल की क्रेटें रखना न केवल नियमों के विपरीत है, बल्कि इससे ग्राहकों की सुविधा और सुरक्षा भी प्रभावित होती है। लोगों ने बैंक प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि एटीएम के अंदर रखी गई केले की क्रेटों को तत्काल हटवाया जाए, परिसर की साफ-सफाई कराई जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे, ताकि एटीएम परिसर को अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त कराया जा सके तथा उपभोक्ताओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में बैंकिंग सेवाएं मिल सकें।।

error: Content is protected !!
Call Now Button