Sunday, October 18, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

चम्पावत को 96 करोड़ की सौगात, हर ग्राम सभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये धामी ने 16 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, अधिवक्ताओं के लिए ई-लाइब्रेरी और चैम्बर बनाने की घोषणा

चम्पावत को 96 करोड़ की सौगात, हर ग्राम सभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये

धामी ने 16 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, अधिवक्ताओं के लिए ई-लाइब्रेरी और चैम्बर बनाने की घोषणासौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत दौरे के दौरान 95.99 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28.76 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने तथा न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने अधिवक्ता चैम्बर, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की। धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकास कार्य किए जा रहे हैं। सड़क, शिक्षा, पर्यटन, पेयजल और संचार सुविधाओं को मजबूत करने के साथ जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है।

बनबसा मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन कोर्ट सहित खेल सुविधाओं से जुड़े कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया और खिलाड़ियों को खेल किट व पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने बताया कि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, जिले में 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा टनकपुर में आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का निर्माण भी किया जा रहा है।इस दौरान एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और चम्पावत को तीन बहुउद्देशीय वाहन दिए गए। मुख्यमंत्री ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, उप जिला चिकित्सालय टनकपुर को मोतियाबिंद की सर्जरी के लिए फैको मशीन उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button