Saturday, October 17, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

चंपावत में CM धामी के दौरे की तैयारी तेज, डीएम ने संभाला मोर्चा

18 अक्टूबर को प्रस्तावित है सीएम धामी का भ्रमण, विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास और जनसंवाद कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजासौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित चंपावत दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सर्किट हाउस और रजत जयंती पार्क (नागार्जुन पार्क) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान जनपद में पूर्ण हो चुके जनहितकारी कार्यों का लोकार्पण और विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही स्थानीय संभ्रांत नागरिकों और विभिन्न समूहों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं और मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।

नशा मुक्ति का संदेश देगी विशेष दौड़
प्रस्तावित कार्यक्रम में खेल विभाग के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष दौड़ का आयोजन भी शामिल है। वहीं, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न जनसुविधाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित करने की योजना है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभागीय तैयारियों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि इन आयोजनों के माध्यम से जनपद को विकास कार्यों और जनसुविधाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

निरीक्षण में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, उप जिलाधिकारी बिपिन चंद्र पंत, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button