Thursday, October 15, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने महिला कृषकों को किया सम्मानित उधम सिंह नगर में महिला कृषक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, प्रगतिशील महिला किसानों को मिला सम्मान

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तानरुद्रपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला वर्ष 2026 के अंतर्गत गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को विकास भवन, उधम सिंह नगर के सभागार में महिला कृषक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि एवं संबंधित विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को प्रोत्साहित करना, उनकी उपलब्धियों को पहचान दिलाना तथा अन्य महिलाओं को कृषि, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शासनी रहे इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के निदेशक प्रसार डॉ. जितेंद्र क्वात्रा, कृषि विज्ञान केंद्र काशीपुर की वैज्ञानिक डॉ. प्रतिभा सिंह, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी रुद्रपुर श्रीमती विधि उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी श्री सतीश शर्मा, लीड बैंक अधिकारी श्रीमती अनीता तथा डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री राजेंद्र कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रगतिशील महिला कृषकों एवं महिला उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने महिला कृषकों की उपलब्धियों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शासनी ने महिला कृषकों को कृषि, मत्स्य पालन, उद्यान, पशुपालन, रेशम एवं ग्राम्य विकास विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने महिला कृषकों को प्राकृतिक खेती, परंपरागत कृषि तथा एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन, बागवानी, सब्जी उत्पादन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को जोड़कर महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकती हैं। कृषि विविधीकरण महिला किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक है।

निदेशक प्रसार डॉ. जितेंद्र क्वात्रा ने विश्वविद्यालय की ओर से महिलाओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं, सफल महिला कृषकों एवं महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों के बारे में बताया।
कार्यक्रम में महिला कृषकों की बढ़ती भागीदारी और उनके योगदान की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button