पंकज उपाध्याय की अहम पहल लाई रंग, धान खरीद पर बनी सहमति, शुक्रवार से शुरू होगी खरीद
पंकज उपाध्याय की अहम पहल लाई रंग, धान खरीद पर बनी सहमति, शुक्रवार से शुरू होगी खरीद
राइस मिलर्स, मंडी और आरएफसी के बीच सहमति बनाने में निभाई अहम भूमिका, किसानों को एमएसपी पर मिलेगा धान बेचने का अवसर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। धान खरीद को लेकर चल रहे गतिरोध को दूर करने में प्रतिनिधि जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अहम भूमिका रही। उनकी पहल और प्रयासों से राइस मिलर्स, मंडी और आरएफसी के बीच सहमति बन गई है। अब शुक्रवार से कच्चे आढ़तियों के माध्यम से धान खरीद शुरू होगी और किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा।
मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में धान खरीद शुरू होने की जानकारी देते हुए कहा कि संबंधित पक्षों के बीच सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए धान खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
वहीं, प्रतिनिधि जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने राइस मिलर्स से शुक्रवार से किसानों का धान खरीदना अनिवार्य रूप से शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि धान खरीद के दौरान उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
धान खरीद को लेकर बनी सहमति से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान महाप्रबंधक मंडी निर्मला बिष्ट, वित्त अधिकारी मंडी जुबक मोहन सक्सेना, आरएमओ लता मिश्रा, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यपाल गर्ग सहित किसान नेता, राइस मिलर्स के प्रतिनिधि और विभिन्न मंडियों के सचिव मौजूद रहे।

