हनुमान के पराक्रम से गूंजा रामलीला मंच, सुशील गाबा ने मोहा मन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। प्राचीन मुख्य बस स्टैंड स्थित श्रीरामलीला मंच पर बीती रात्रि हनुमान-संपाती संवाद से लेकर लंका दहन तक की लीला का भव्य मंचन किया गया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हनुमान जी के पराक्रम, माता सीता की अटूट रामभक्ति और रावण के अहंकार का जीवंत चित्रण किया गया। रामभक्त सुशील गाबा ने हनुमान के स्वरूप में शानदार अभिनय और प्रभावशाली संवाद अदायगी से दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षाविद् सुरजीत सिंह ग्रोवर, हरमन सिंह ग्रोवर और डॉ. रणजीत सिंह गिल ने सपरिवार दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लीला में संपाती द्वारा माता सीता का पता बताने, हनुमान जी के समुद्र लांघकर लंका पहुंचने, अशोक वाटिका उजाड़ने, अक्षय कुमार वध, मेघनाद से युद्ध और रावण दरबार के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन हुआ अंत में लंका दहन के रोमांचकारी दृश्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हनुमान जी की भूमिका में सुशील गाबा, रावण के रूप में विशाल भुड्डी और सीता की भूमिका में गौरव जग्गा सहित सभी कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। मंच संचालन संदीप धीर और विजय जग्गा ने किया
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि प्राचीन रामलीला मंच प्रभु श्रीराम की कृपा, जनता की आस्था और कमेटी के लंबे संघर्ष की धरोहर है। वर्ष 1992 के संघर्ष को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद रामभक्तों का हौसला नहीं टूटा उन्होंने लोगों से रामलीला की परंपरा, आपसी भाईचारे और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गाबा, महामंत्री सुशील गाबा, सरपरस्त पवन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीए अमित गंभीर, समन्वयक राजेश छाबड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, श्रीरामनाटक क्लब के अध्यक्ष विशाल भुड्डी सहित कमेटियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।।

