Monday, October 19, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

नानकमत्ता में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान नानकमत्ता। नानकमत्ता क्षेत्र में गोली मारकर हत्या करने और दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28) और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

घर पर पथराव और फायरिंग, युवक की मौत
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम सिद्धानवदिया निवासी सोनू सिंह ने कोतवाली नानकमत्ता में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नामजद आरोपी हथियारों से लैस होकर एक राय से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर पर पथराव और फायरिंग की, जिसमें उसके भाई सतनाम सिंह (35) की गोली लगने से मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने वादी के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

मटिहा बॉर्डर से गिरफ्तार हुए दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को नामजद आरोपियों कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को मटिहा बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, कुलदीप सिंह उर्फ बंटी के खिलाफ वर्ष 2026 में पॉक्सो अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ खटीमा थाने में वर्ष 2026 के दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में कोतवाली नानकमत्ता के प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, मनोज जोशी, संजय कुमार और नवल किशोर सहित सितारगंज व खटीमा के पुलिसकर्मियों तथा एसओजी टीम ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस का कहना है कि मामले में शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायालय में होनी शेष है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button