जनता मिलन में 96 शिकायतों का निस्तारण, दिव्यांग को मौके पर मिली व्हीलचेयर व बैसाखी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 96 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। अधिकांश मामलों का संबंधित विभागों ने मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए कार्यक्रम में विद्यालयों की मरम्मत, सुरक्षा दीवार निर्माण, किसान सम्मान निधि, सड़क, पेयजल, भूमि संबंधी विवाद, राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, सोलर स्ट्रीट लाइट तथा पूर्ति विभाग से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन के दौरान ग्राम बिरगुल निवासी दिव्यांग किशन सिंह को समाज कल्याण विभाग की ओर से तत्काल व्हीलचेयर और बैसाखी उपलब्ध कराई गई। वहीं 14 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर ही बनाकर उन्हें योजना से जोड़ा गया ग्राम तल्ला बामन निवासी भूपाल सिंह की खतौनी में नाम संबंधी त्रुटि का उसी दिन संशोधन कराया गया गुमौद निवासी मधी देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र भी मौके पर जारी किया गया ग्राम सिलिंगढाक की विमला देवी के निवास प्रमाण पत्र के प्रकरण में तहसीलदार को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम भैरवा निवासी अनिल सिंह तड़ागी की किसान सम्मान निधि संबंधी शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना भी है। इस अवसर पर एसडीएम बी.सी. पंत, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विमी जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।

